1000229664

Jamshedpur: करोड़पति बनने के चक्कर में गंवाए एक लाख रुपये, सिदगोड़ा की ये महिला ठगी का बन बैठी शिकार…

खबर को शेयर करें
1000229664

Jamshedpur news: जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र की सुखिया रोड 10 नंबर बस्ती निवासी संध्या सैनी करोड़पति बनने के सपने में एक लाख रुपये गंवा बैठीं। ठगी की यह वारदात मोबाइल कॉल के ज़रिए अंजाम दी गई जिसकी शिकायत संध्या ने सिदगोड़ा थाना में दर्ज कराई है।

पीड़िता ने बताया कि 10 जुलाई को उन्हें एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने खुद को एक फाइनेंशियल कंसल्टेंसी कंपनी से जुड़ा बताया और दावा किया कि वह एक लाख रुपये को कुछ ही दिनों में एक करोड़ में बदल सकता है। बड़ी रकम के लालच में आकर संध्या उसकी बातों में आ गईं।

आरोपी ने लगातार आठ दिनों तक संध्या से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि उनका पैसा सुरक्षित है और जल्द ही उन्हें मोटा मुनाफा मिलेगा। इस दौरान आरोपी ने कई बार में संध्या से पूरे एक लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए।

17 जुलाई की सुबह तक आरोपी कॉल करता रहा लेकिन जब संध्या ने मुनाफे की मांग की तो वह टालमटोल करने लगा और दोपहर तक उसका नंबर बंद हो गया। तब जाकर संध्या को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत थाना में शिकायत दी।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के मोबाइल नंबर की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन खंगाले जा रहे हैं। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और साइबर सेल की मदद से कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने आम लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि किसी भी लालच भरे कॉल पर विश्वास न करें और अनजान लोगों को पैसे या निजी जानकारी न दें। ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस या साइबर सेल को सूचित करें।