22 जुलाई से कोल्हान के सभी डाकघरों में होगा बड़ा बदलाव, 21 जुलाई को बंद रहेंगी सभी सेवाएं…

Jharkhand: कोल्हान प्रमंडल के सभी डाकघरों में 22 जुलाई से एक नया और बड़ा तकनीकी बदलाव होने जा रहा है। डाक विभाग की आईटी 2.0 एप्लिकेशन के तहत डाकघर अब पहले से ज्यादा स्मार्ट और डिजिटल बनेंगे। इस बदलाव के कारण 21 जुलाई को कोल्हान क्षेत्र के सभी डाकघरों में कोई भी कामकाज नहीं होगा।
डाक विभाग ने बताया कि 20 जुलाई को नए सॉफ्टवेयर का इंस्टॉलेशन किया जाएगा और इसके बाद 21 जुलाई को डेटा माइग्रेशन और तकनीकी सेटअप का कार्य होगा। इस दौरान ग्राहकों को असुविधा से बचाने के लिए विभाग ने अपील की है कि जरूरी काम पहले ही निपटा लें।
बदलाव की खास बातें:
•कुल 727 डाकघरों में होगा तकनीकी अपग्रेडेशन
•71 उपडाकघर और 646 ग्रामीण शाखाएं होंगी शामिल
•बिष्टुपुर और चाईबासा के मुख्य डाकघर भी होंगे अपडेटेड
•लेन-देन होगा तेज और पारदर्शी
•मिलेगा यूजर फ्रेंडली इंटरफेस
•ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी आधुनिक डाक सेवा
वरिष्ठ डाक अधीक्षक उदयभान सिंह ने बताया कि आईटी 2.0 एप्लिकेशन के जरिए सभी सेवाएं अब पूरी तरह डिजिटल हो जाएंगी। इससे न सिर्फ काम में पारदर्शिता आएगी बल्कि डाक सेवाएं पहले से तेज सुरक्षित और भरोसेमंद बनेंगी। अब गांवों में भी रियल टाइम अपडेट, डिजिटल ट्रैकिंग और पेपरलेस लेनदेन जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
डाक विभाग ने इस अस्थायी असुविधा के लिए खेद जताया है और भरोसा दिलाया है कि यह परिवर्तन भविष्य में ग्राहकों को बेहतर सेवा देने में मदद करेगा।

