पटमदा के लावा गांव में भारी बारिश से कच्चा मकान गिरा, दो विधवा महिलाएं हुईं बेघर…

Jharkhand: पटमदा प्रखंड के लावा गांव में बुधवार सुबह भारी बारिश के कारण एक गरीब परिवार का कच्चा मकान पूरी तरह से गिर गया। इस हादसे में दो विधवा महिलाएं और उनके परिजन बेघर हो गए हैं।
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित महिला भारती सहिस ने बताया कि उनका खपरैल वाला कच्चा मकान पहले से ही बारिश के कारण कमजोर हो गया था। बुधवार सुबह अचानक दीवार में बड़ी दरार आ गई और देखते ही देखते पूरा मकान ढह गया। हादसे के वक्त सभी लोग समय रहते घर से बाहर निकल गए जिससे किसी की जान नहीं गई।
भारती सहिस ने बताया कि उनके नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की स्वीकृति तो मिल चुकी है लेकिन जियो टैगिंग होने के एक साल बाद भी अब तक पहली किस्त की राशि नहीं मिली है। ऐसे में अब उनके सामने सबसे बड़ी परेशानी यह है कि वे लोग फिलहाल कहां रहें।
ग्राम प्रधान बृंदावन दास ने बताया कि पीएम आवास की मंजूरी के बावजूद पैसा नहीं मिलने से मकान का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द अंचल कार्यालय से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है।
अब यह परिवार खुले आसमान के नीचे दिन गुजारने को मजबूर है और प्रशासन से तत्काल मदद की उम्मीद लगाए बैठा है।

