1000228296

झारखंड सरकार की बड़ी राहत: वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को मिलेंगे तीन महीने की बकाया पेंशन…

खबर को शेयर करें
1000228296

Jharkhand : झारखंड सरकार ने राज्य के लाखों पेंशनधारियों को बड़ी राहत दी है। अब वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशनधारियों को तीन महीने की बकाया पेंशन एक साथ दी जाएगी। यह पेंशन अप्रैल, मई और जून 2025 की है जो अब सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

सरकार की इस घोषणा से राज्य के करीब 11 लाख 75 हजार लोगों को राहत मिलेगी। लंबे समय से पेंशन न मिलने के कारण कई लोगों को आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। अब एकमुश्त पेंशन मिलने से उनकी रोज़मर्रा की जरूरतें पूरी हो सकेंगी।

केंद्र सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत राज्य को अपनी हिस्सेदारी की पेंशन राशि पहले ही उपलब्ध करा दी है। इसके बाद राज्य सरकार ने पेंशन वितरण की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया है।

राज्य सरकार ने यह भी तय किया है कि पेंशन की राशि पूरी पारदर्शिता के साथ डिजिटल माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे भेजी जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन को जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार ने बताया कि अब पेंशन वितरण समय पर हो, इसके लिए एक ठोस कार्ययोजना बनाई जा रही है। इसका मकसद यह है कि भविष्य में पेंशनधारियों को किसी तरह की देरी या परेशानी न हो और वे सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का समय पर लाभ उठा सकें।

इस फैसले के बाद पेंशनधारियों में खुशी का माहौल है। खासकर ग्रामीण इलाकों में रहने वाले बुजुर्गों और जरूरतमंदों ने सरकार का आभार जताया है और कहा है कि यह उनके लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है।