जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र : हेंदलजुड़ी में मंइया योजना घोटाले की जांच शुरू, 12 सदस्यीय एसआईटी टीम बिहार-बंगाल रवाना…

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला प्रखंड की हेंदलजुड़ी पंचायत में मुख्यमंत्री मंइया सम्मान योजना के तहत हुए फर्जीवाड़े की जांच शुरू हो गई है। SSP के निर्देश पर 12 सदस्यीय SIT (स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम) का गठन किया गया है जिसमें 6 महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
बुधवार को यह टीम गालूडीह से बिहार और पश्चिम बंगाल के लिए रवाना हुई। टीम वहां जाकर योजना से जुड़े 172 फर्जी लाभुकों की पहचान करेगी जिनके बैंक पासबुक में दर्ज नाम और पते के आधार पर यह जांच की जाएगी। इसके लिए स्थानीय पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार योजना के तहत 172 फर्जी अल्पसंख्यक लाभुकों के खाते में राशि भेजी गई थी जबकि कितनी राशि गई है यह प्राथमिकी में स्पष्ट नहीं किया गया है। इस घोटाले को लेकर तत्कालीन पंचायत सचिव पुष्पा कुमारी पोद्दार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
फिलहाल वर्तमान पंचायत सचिव मंगल टुडू के बयान पर केस दर्ज हुआ है। गौरतलब है कि हेंदलजुड़ी पंचायत से कुल 409 आवेदन स्वीकृत हुए थे जिनमें से 172 लाभुक फर्जी पाए गए। वहीं असली जरूरतमंद और गरीब लोगों के आवेदन अब भी मंजूरी की प्रतीक्षा में हैं।

