झारखंड के हर जिले में खुलेगा मेडिकल कॉलेज, खड़गे ने इरफान अंसारी को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी…

Jharkhand: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। खड़गे ने निर्देश दिया है कि अगले दो साल के अंदर झारखंड के हर जिले में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना की जाए।
यह जिम्मेदारी उन्हें दिल्ली में एक बैठक के दौरान सौंपी गई जहां डॉ. अंसारी ने स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन विभागों की प्रगति रिपोर्ट पेश की। खड़गे ने डॉ. अंसारी के काम और उनकी ऊर्जा की सराहना की और कहा कि पार्टी को उनसे बहुत उम्मीदें हैं।
खड़गे ने यह भी बताया कि राहुल गांधी खुद डॉ. अंसारी के काम पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने अंसारी को आश्वस्त किया कि कांग्रेस पूरी तरह उनके साथ है और उन्हें बीजेपी की आलोचनाओं से घबराने की जरूरत नहीं है।
डॉ. अंसारी ने इस जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए कहा कि वे पहले से ही राज्य के कई जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी उन्हें इसलिए निशाना बनाती है क्योंकि वे जमीन पर काम कर रहे हैं और राहुल गांधी की सोच को लागू कर रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने अस्पतालों में मृतकों के शव को बंधक बनाए जाने की घटनाओं पर रोक लगाने का फैसला लिया था जिसे देशभर में सराहा गया। उन्होंने कहा कि वे केवल विभागीय काम नहीं कर रहे, बल्कि संगठन को मजबूत करने में भी लगातार लगे हुए हैं।
खड़गे ने इशारा किया कि भविष्य में डॉ. अंसारी को और भी बड़ी जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। साथ ही संगठन और विभाग के बीच बेहतर तालमेल बनाने कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखने और सेवा भाव से काम करने की सलाह भी दी।

