झारखंड में मौसम ने बदला मिज़ाज!! रांची-जमशेदपुर समेत कई जिलों में मूसलाधार बारिश, कल भी ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी…

Jharkhand: झारखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राजधानी रांची और औद्योगिक शहर जमशेदपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में बुधवार को तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश हुई। सुबह तक आसमान साफ था और तेज धूप निकली थी लेकिन दोपहर 1 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली और देखते ही देखते काले बादल छा गए। गरज-चमक के साथ जमकर बारिश हुई जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से हल्की राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बुधवार को साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, गोड्डा, सरायकेला-खरसावां, पश्चिम सिंहभूम, देवघर, दुमका, गढ़वा और पलामू जिलों में अगले एक से तीन घंटे के भीतर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने गुरुवार 16 जुलाई को भी राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।
बुधवार को मौसम विभाग ने गढ़वा, पलामू, चतरा और हजारीबाग जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट और लोहरदगा, लातेहार, रांची, बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, धनबाद व दुमका में येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने की स्थिति में खुले स्थानों से बचने की सलाह दी है। किसानों और यात्रियों को भी मौसम को ध्यान में रखते हुए योजना बनाने का सुझाव दिया गया है।

