1000227425

Seraikela: इलाज की जगह मिली लापरवाही!! सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, समय पर इलाज न मिलने से गई जान, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल…

खबर को शेयर करें
1000227425

Jharkhand: खरसावां-आमदा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल लाया गया लेकिन डॉक्टर की गैरमौजूदगी के कारण समय पर इलाज नहीं हो सका और दोनों की मौत हो गई।

घटना रविवार शाम करीब 7 बजे की है। खरसावां के आमदा निवासी देव महंती और छोटा आमदा निवासी साहिल महतो बाइक से जा रहे थे तभी बोड्डा के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।

लेकिन अस्पताल पहुंचने पर वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर कन्हैयालाल उरांव मौजूद नहीं थे। आधे घंटे तक इंतजार के बाद घायलों की हालत बिगड़ती देख उन्हें एंबुलेंस से जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल भेजा गया। 15 मिनट बाद जब डॉक्टर अस्पताल पहुंचे तब तक देर हो चुकी थी। रात 9:30 बजे टीएमएच पहुंचने पर दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद राय ने अस्पताल का निरीक्षण किया और लापरवाह डॉक्टर को शो-कॉज नोटिस जारी करते हुए जवाब मांगा है। साथ ही अस्पताल प्रभारी को तीन शिफ्ट में डॉक्टरों की ड्यूटी लगाने का निर्देश दिया गया है।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो शायद दोनों की जान बचाई जा सकती थी। अब सवाल उठ रहा है कि आखिर कब सुधरेगा ग्रामीण क्षेत्रों का स्वास्थ्य सिस्टम?