जमशेदपुर के आज़ादनगर चिकन दुकान में मामूली कहासुनी के बाद चाकू से हमला, युवक गंभीर रूप से घायल…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के आज़ादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-10 स्थित एक चिकन दुकान में बुधवार सुबह एक मामूली कहासुनी के बाद बड़ा विवाद हो गया। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान आरिफ अंसारी (19 वर्ष ) के रूप में हुई है जो कपाली का रहने वाला है। वहीं आरोपी युवक मोहम्मद फिरदौस (20 वर्ष ) बताया जा रहा है जो कपाली टीओपी चौक के पास का निवासी है।
आरिफ के अनुसार सुबह दुकान में काम के दौरान फिरदौस बार-बार उससे उलझ रहा था। विवाद की शुरुआत टेबल पर सामान रखने की बात को लेकर हुई। धीरे-धीरे बहस इतनी बढ़ गई कि फिरदौस ने हाथ में पकड़े चाकू से आरिफ के गले पर हमला कर दिया। चाकू का वार गंभीर था जिससे आरिफ मौके पर ही जख्मी होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया ।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है। दुकान मालिक से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल की जांच की गई है।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश जताते हुए पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

