बहरागोड़ा: जहरीले सांप के डसने से एक बच्चे की मौत, बहन ICU में भर्ती, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़…

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पारुलिया पंचायत के पाथरघाटा गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहरीले सांप के डसने से 16 वर्षीय किशोर जिसु मुंडा की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि उसकी बहन प्रीतीलता मुंडा (13) की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अब भी आईसीयू में भर्ती है।
जानकारी के अनुसा पीड़ित परिवार के मुखिया सुखलाल मुंडा जो मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं सोमवार रात रोज की तरह अपने बच्चों के साथ सो रहे थे। बेटी प्रीतीलता अपनी मां के साथ पलंग पर सो रही थी जबकि बेटा जिसु अपने पिता के साथ नीचे गद्दा बिछाकर सोया हुआ था।
रात करीब 11 बजे एक जहरीला सांप घर में घुस आया और सबसे पहले पलंग पर सोई प्रीतीलता को काट लिया। बच्ची की चीख सुनकर घर के सभी लोग जाग गए और अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच सांप ने नीचे सो रहे भाई जिसु को भी डस लिया।
परिजन बच्चों को लेकर तत्काल गोपीबल्लापुर हॉस्पिटल पहुंचे जहां दोनों को आईसीयू में भर्ती किया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश मंगलवार सुबह इलाज के दौरान जिसु की मौत हो गई। वहीं उसकी बहन की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
यह परिवार अत्यंत गरीब है। उन्हें न तो अबुआ आवास योजना का लाभ मिला है और न ही घर में शौचालय की सुविधा है। पूरा परिवार एक झोपड़ी में ट्रिपल तानकर रहने को मजबूर है। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है और सरकारी सहायता की सख्त जरूरत है।
ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

