डालटनगंज के PNB लॉकर से 90 लाख के गहने गायब, पुलिस ने शुरू की जांच…

Azad Reporter desk: पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की डालटनगंज शाखा में एक लाकर से करीब 90 लाख रुपये मूल्य के गहने गायब होने का मामला सामने आया है। इस घटना ने बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अन्य लाकर धारकों की चिंता भी बढ़ा दी है।
इस संबंध में छतरपुर निवासी संजय कुमार सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने बैंक लॉकर में लगभग 90 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने सुरक्षित रखे थे लेकिन जब हाल ही में उन्होंने लाकर खोला तो उसमें कुछ भी नहीं था।
शिकायत मिलते ही शहर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लाकर धारकों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बैंक से लाकर संचालन से जुड़े सभी दस्तावेज भी मंगवाए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिरी बार लॉकर कब और किसने खोला था।
बैंक परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गहने गायब होने की संभावित अवधि में बैंक में कौन-कौन मौजूद था और किन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध रही हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह घटना सुनियोजित लग रही है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और बैंक प्रबंधन से भी सहयोग लिया जा रहा है।


