1000227202

पिथौरागढ़ में बड़ा हादसा : खाई में गिरी जीप, 8 की मौत 8 गंभीर घायल…

खबर को शेयर करें
1000227202

Azad Reporter desk/ Uttarakhand: मंगलवार शाम उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पिथौरागढ़-थल मार्ग पर मुवानी के पास स्यूनी पुल के पास एक मैक्स जीप (UK 05 TA 0193) अनियंत्रित होकर लगभग 40 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मंगलवार शाम करीब 5 बजे यह जीप मुवानी से बोक्टा की ओर जा रही थी। स्यूनी पुल के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह चट्टानों से टकराते हुए नीचे बह रहे स्यूनी नाले में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप पूरी तरह चकनाचूर हो गई और कई शव दूर तक बिखर गए।

हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं:

  1. सिमरन (8 वर्ष)
  2. तनूजा (14 वर्ष)
  3. विनीता (16 वर्ष)
  4. नरेंद्र सिंह (40 वर्ष, चालक)
  5. राजेंद्र सिंह (60 वर्ष)
  6. होशियार सिंह (65 वर्ष)
  7. शांति देवी (50 वर्ष)
  8. दीक्षा बोरा (26 वर्ष)
    सभी मृतक बोक्टा गांव के निवासी थे।

गंभीर रूप से घायल लोग: विनीता (20 वर्ष), योगेश कुमार (20 वर्ष), श्याम सिंह मुनौला (35 वर्ष), दीवान सिंह (55 वर्ष), सुमित सिंह (22 वर्ष), पूजा मुनौला और अन्य।

घायलों को पहले मुवानी पीएचसी में प्राथमिक उपचार दिया गया फिर 108 एंबुलेंस और अन्य साधनों से उन्हें जिला अस्पताल पिथौरागढ़ भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही SDM डीडीहाट खुशबू पांडे, पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत और थानाध्यक्ष शंकर रावत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।