झारखंड में चतुर्थ वर्गीय नियुक्तियों पर फिलहाल रोक, अब आगे क्या? जानें…

Jharkhand : झारखंड सरकार ने चतुर्थ वर्ग यानी ग्रुप-डी के पदों पर नई बहाली पर रोक लगा दी है। यह फैसला मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर लिया गया है। अब जब तक नई नियमावली नहीं बन जाती तब तक राज्य में कहीं भी इन पदों पर बहाली नहीं होगी।
यह कदम पलामू जिले में बहाली को लेकर हुए विवाद के बाद उठाया गया है। 11 जुलाई को हुई कैबिनेट की बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई और फिर यह फैसला लिया गया।
अब तक चतुर्थ वर्गीय पदों पर बहाली बिहार की 1975 की नियमावली के आधार पर हो रही थी जिसमें सिर्फ मैट्रिक के नंबरों से मेरिट बनती थी। लेकिन सरकार का मानना है कि यह तरीका अब झारखंड के लिए सही नहीं है।
इसलिए सरकार ने तय किया है कि नई नियमावली बनाई जाएगी। इसमें सिर्फ नंबर नहीं बल्कि लिखित परीक्षा और शारीरिक टेस्ट भी शामिल हो सकते हैं। जब तक यह नियम नहीं बन जाते और कैबिनेट से पास नहीं हो जाते तब तक कोई नई बहाली नहीं होगी।
सरकार का कहना है कि यह फैसला पारदर्शी और झारखंड के हित में है।


