जमशेदपुर की मंडी में लगातार हो रही चोरी से व्यापारी परेशान, चैंबर ने मुख्यमंत्री को भेजा त्राहिमाम संदेश…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के परसुडीह स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति में लगातार हो रही चोरी और अव्यवस्था से परेशान होकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री को पत्र भेजकर मदद की गुहार लगाई है। चैंबर के व्यापार एवं वाणिज्य उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने इस पत्र के जरिए मंडी की जमीनी हालात बताते हुए इसे बेहद गंभीर बताया।
उन्होंने कहा कि कृषि मंडी में करीब 150 दुकानें और गोदाम हैं जहां हजारों लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। लेकिन इसके बावजूद मंडी में न तो सुरक्षा है, न अच्छी सड़क और न ही पीने के पानी जैसी जरूरी सुविधाएं।
अनिल मोदी ने बताया कि दुकानों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि व्यापारी अपनी जान की रक्षा के लिए हेलमेट पहनकर दुकान में बैठते हैं। 14 जुलाई को मंडी की तीन दुकानों के ताले टूटे और लाखों का नुकसान हुआ। इससे पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं।
व्यापारियों की मुख्य मांगें:
- मंडी में फिर से पुलिस चौकी (टीओपी) बनाई जाए ताकि सुरक्षा बनी रहे।
- सुरक्षा एजेंसी का अनुबंध फिर से हो ताकि चौकीदारों की नियुक्ति दोबारा की जा सके।
- दुकानों और गोदामों की मरम्मत कराई जाए ताकि बारिश में जान-माल का नुकसान न हो।
- मंडी में पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए क्योंकि बारिश में चारों ओर कीचड़ हो जाती है।
अनिल मोदी ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर कई बार अधिकारियों को पत्र लिखा गया लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी बड़ा आंदोलन कर सकते हैं।


