Chaibasa: टेलिकॉम दुकान में बड़ी चोरी का पुलिस ने 24 घंटे में किया खुलासा, 42 मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद…

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में हुई एक बड़ी चोरी की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। यह घटना चक्रधरपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास स्थित गुरुनानक टेलिकॉम दुकान में रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे हुई थी।
चोरी की वारदात को एक नकाबपोश चोर ने अंजाम दिया जिसने दुकान की छत पर लगे एस्बेस्टस को तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चुरा लिए। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी।
चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गोइलकेरा प्रखंड के धोबाडीह गांव में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चोर के घर से 23 मोबाइल फोन, एक सैमसंग टैब, पावर बैंक, चार्जर समेत कुल 42 इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए गए। सभी बरामद वस्तुएं कोर्ट में विधिवत रूप से जमा कराई गई हैं।
थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि जब पुलिस गांव में पहुंची चोर मौके से फरार हो गया। हालांकि उसकी पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के अनुसार इस चोरी में स्थानीय अपराधियों की भी संलिप्तता सामने आई है और उनकी भी तलाश जारी है।
पुलिस की इस तेज कार्रवाई से आम लोगों में विश्वास बढ़ा है। लोगों को उम्मीद है कि इस तरह की घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और अपराधियों को शीघ्र ही सजा दिलाई जाएगी।

