कोयला कारोबार में अवैध वसूली: CCL के तीन कर्मचारी और एक कोल लिफ्टर गिरफ्तार, हर ट्रक से ₹1800 की वसूली का खुलासा…

Azad Reporter desk: कोयला ढुलाई के दौरान अवैध वसूली के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) के तीन कर्मचारियों और एक बाहरी व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह वसूली CCL की अरगड़ा कोलियरी में की जा रही थी जहां हर ट्रक से ₹1800 की अवैध वसूली की जाती थी।
CBI की जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अयोध्या करमाली, जो गिद्दी-A कोलियरी प्रोजेक्ट में मैनेजर के पद पर कार्यरत है इस गैरकानूनी धंधे से हर महीने लगभग ₹10 लाख की कमाई कर रहा था।
गिरफ्तार किए गए आरोपी:
अयोध्या करमाली – प्रोजेक्ट मैनेजर, गिद्दी-A कोलियरी
मुकेश कुमार – क्लर्क, गिद्दी-A कोलियरी
प्रकाश महली – CCL कर्मचारी
विजय कुमार सिंह – कोल लिफ्टर (बाहरी व्यक्ति)
CBI ने विजय कुमार सिंह के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच में पाया कि उसने मुकेश कुमार के माध्यम से अयोध्या करमाली को ₹2.03 लाख का भुगतान किया था। वहीं अन्य कोल लिफ्टरों से प्रकाश महली के खाते में ₹4.98 लाख ट्रांसफर किए गए थे। कुल लेनदेन ₹7 लाख से अधिक का रहा।
इस पूरे मामले की शुरुआत 6 मार्च 2025 को हुई जब CCL की विजिलेंस टीम और CBI ने संयुक्त रूप से गिद्दी कोलियरी में छापेमारी की। जांच में वसूली के ठोस प्रमाण मिलने के बाद 5 जून को CBI ने FIR दर्ज की।
CBI के अनुसार पूछताछ और जांच में सहयोग न करने की वजह से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल मामले की गहराई से छानबीन जारी है।

