जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र: डीजल लदा टैंकर पलटा, ग्रामीणों में लूट मच गई, पुलिस ने पहुंचकर खदेड़ा…

Jamshedpur news: जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र के गालूडीह-नरसिंहपुर मार्ग पर मंगलवार सुबह एक डीजल लदा मिनी टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना गालूडीह थाना क्षेत्र के गुडूरवासा डाउन की है। टैंकर पलटते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए और बोतल, बाल्टी, गैलन जो मिला, उसी में डीजल भरकर ले जाने लगे।
घटना की सूचना पर एसआई मिथलेश मौर्या पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को वहां से खदेड़ा। इसके बाद जेसीबी की मदद से टैंकर को सीधा कर थाने ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार टैंकर जादूगोड़ा से डीजल लेकर पश्चिम बंगाल जा रहा था लेकिन सातगुडुम नदी पर बने पुल में पानी ओवरफ्लो होने के कारण उसे वापस लौटना पड़ा। इसी दौरान गुडूरवासा के पास कुछ पशु सड़क पार कर रहे थे, जिन्हें बचाने के प्रयास में टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में चालक को हल्की चोटें आईं। पुलिस ने उसे घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में इलाज करवाया जिसके बाद वह टैंकर लेकर जादूगोड़ा चला गया।

