जमशेदपुर के डिमना नाले में मिली युवती की लाश, पति ने ही की थी गला रेतकर हत्या, गिरफ्तार…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के MGM थाना क्षेत्र के तुड़ियाबेड़ा स्थित डिमना नाले से सोमवार सुबह एक युवती की लाश बरामद की गई। उसकी पहचान संकोसाई रोड नंबर 5 निवासी 19 वर्षीय सोनी सरदार के रूप में हुई है। मां ने पीठ पर बने तितली के टैटू को देखकर शव की पहचान की।
मृतका की बहन रोमानी सिंह सरदार ने बताया कि सोनी रविवार की रात अपनी सहेली के साथ घूमने निकली थी लेकिन फिर वह घर नहीं लौटी। अगले दिन उसका शव प्लास्टिक के बोरे में बंद और हाथ-पैर रस्सियों से बंधा हुआ मिला।
परिवार ने हत्या का आरोप उसके पति जयराम मुर्मू पर लगाया है। बताया जा रहा है कि सोनी ने एक साल पहले प्रेम विवाह किया था लेकिन पति को उस पर शक था कि वह किसी और से भी बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। छह महीने से सोनी अपने मायके में रह रही थी।
रविवार रात जयराम ने उसे एक लड़के के साथ देखा। इसके बाद वह उसे अपने घर ले गया। खाना-पीना हुआ और सोनी वहीं रुक गई। रात में जयराम ने उसके हाथ-पैर और मुंह कपड़े से बांधकर धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। फिर शव को बोरे में भरकर साइकिल से डिमना नाले में फेंक दिया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।


