1000226075

किचन का बिगड़ा बजट!! लगातार बारिश से सब्जी के दामों में आग, साप्ताहिक हाट में 40 रुपये से नीचे नहीं मिल रही कोई भी सब्जी…

खबर को शेयर करें
1000226075

Jamshedpur news: जमशेदपुर शहर समेत ग्रामीण इलाकों में हो रही लगातार बारिश ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। खासकर जमशेदपुर के बहरागोड़ा प्रखंड में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलधार बारिश के कारण लोकल सब्जियों की बाजार में आपूर्ति लगभग ठप हो गई है। इससे सब्जियों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। स्थिति यह हो गई है कि बहरागोड़ा के साप्ताहिक हाट में कोई भी सब्जी ₹40 प्रति किलो से कम में नहीं मिल रही है।

सब्जियों की कीमतों में अचानक आई इस तेजी से सबसे ज्यादा असर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर पड़ा है। शुद्ध शाकाहारी परिवार इस स्थिति से सबसे ज्यादा परेशान हैं।

बाजार में बैगन ₹80, फूलगोभी ₹60 प्रति पीस, धनिया पत्ता ₹300, खीरा ₹60, लहसुन ₹120, अदरक ₹80, भिंडी ₹60, टमाटर ₹50, शिमला मिर्च ₹160 और मिर्च ₹120 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है। वहीं आलू और प्याज जैसी सामान्य सब्जियां भी अब ₹25 किलो तक पहुंच चुकी हैं। हरी सब्जियों की कमी से दुकानों में भीड़ कम हो गई है और सब्जी व्यापारियों को भी बिक्री में गिरावट का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय विक्रेताओं का कहना है कि जब तक मौसम साफ नहीं होता और खेतों से सब्जियों की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं होती तब तक दामों में गिरावट की संभावना नहीं है। फिलहाल बारिश का सिलसिला जारी है और बाजार में हरी सब्जियों की आमद बेहद कम बनी हुई है। लोगों की उम्मीदें अब इस बात पर टिकी हैं कि मौसम जल्दी साफ हो और बाजार फिर से सामान्य हो सके।