स्पाइसजेट फ्लाइट में दो महिलाओं का हाई वोल्टेज ड्रामा, कॉकपिट तक पहुंचा झगड़ा, पायलट को लौटानी पड़ी फ्लाइट…

Azad Reporter desk: दिल्ली से मुंबई जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 9282 में सोमवार 14 जुलाई को उस वक्त हड़कंप मच गया जब दो महिला यात्रियों के बीच जोरदार झगड़ा हो गया। यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों महिलाएं कॉकपिट तक पहुंच गईं और दरवाजा खटखटाने लगीं।
झगड़ा टेकऑफ से पहले ही शुरू हो गया था। फ्लाइट जैसे ही रनवे पर उड़ान भरने के लिए तैयार थी तभी दोनों महिलाओं में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। फ्लाइट क्रू और अन्य यात्रियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन दोनों नहीं मानीं।
पायलट ने माइक पर दोनों से अपनी सीट पर बैठने की अपील भी की लेकिन जब कोई असर नहीं हुआ तो यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने फ्लाइट को वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर ले जाने का फैसला किया।
दिल्ली लौटते ही फ्लाइट को सुरक्षित लैंड कराया गया और दोनों महिला यात्रियों को विमान से उतारकर CISF (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) के हवाले कर दिया गया। इसके बाद फ्लाइट थोड़ी देर की देरी से मुंबई के लिए रवाना हो गई।
स्पाइसजेट एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है। फ्लाइट के कॉकपिट तक जाने की कोशिश करना गंभीर मामला है और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

