1000225854

रवींद्र जडेजा का धमाका: 7000 रन और 600 विकेट पूरे, लॉर्ड्स में रचा 73 साल बाद इतिहास…

खबर को शेयर करें
1000225854

Azad Reporter desk: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स टेस्ट की दूसरी पारी में नाबाद 61 रन बनाकर एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी और ऑलराउंडर खेल से सभी का दिल जीत लिया। इस पारी के साथ जडेजा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 7000 रन पूरे किए और 600 विकेट का आंकड़ा पहले ही पार कर चुके हैं। वह ऐसा करने वाले भारत के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले कपिल देव ही यह कमाल कर सके थे।

रवींद्र जडेजा ने लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक जड़ा। पहली पारी में उन्होंने 72 रन और दूसरी पारी में नाबाद 61 रन बनाए। इसके साथ ही वह 1952 के बाद पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए जिन्होंने लॉर्ड्स टेस्ट की दोनों पारियों में फिफ्टी लगाई। उनसे पहले यह कारनामा विनू मांकड ने किया था।

जडेजा ने इंग्लैंड के मौजूदा दौरे में लगातार चौथा अर्धशतक लगाया है।
बर्मिंघम टेस्ट में: 89 और 69 रन
लॉर्ड्स टेस्ट में: 72 और नाबाद 61 रन
इस तरह जडेजा इंग्लैंड में लगातार चार फिफ्टी लगाने वाले भारत के तीसरे टेस्ट खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले ऋषभ पंत और सौरव गांगुली ने ऐसा किया है।

हालांकि भारत यह मैच 22 रन से हार गया और इंग्लैंड ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली लेकिन जडेजा की जुझारू बल्लेबाजी ने भारतीय फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने अभिमन्यु की तरह मैदान पर डटकर खेला और टीम को आखिरी सत्र तक मुकाबले में बनाए रखा।