Seraikela: स्वास्थ्य योजनाओं की धीमी प्रगति पर उपायुक्त सख्त, लापरवाह ANM और CHO को जारी हुआ शो-कॉज नोटिस…

Jharkhand: सरायकेला जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सभी स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। इस मौके पर उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, सिविल सर्जन, सभी एमओआईसी और अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद थे।
जिन क्षेत्रों में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति कमजोर पाई गई, वहां के संबंधित ANM और CHO को कारण बताओ नोटिस (शो-कॉज) जारी करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया।
उपायुक्त ने दिए कई अहम निर्देश:
•सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 24×7 आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
•VHND, टीकाकरण, टीबी, मलेरिया, कुष्ठ रोग से जुड़े विशेष शिविर नियमित रूप से लगें।
•एम्बुलेंस और ममता वाहन को संबंधित केंद्रों से जोड़कर उनकी निगरानी की जाए।
•हर तीन महीने में ‘सास-बहू-पति सम्मेलन’ आयोजित कर गर्भावस्था, पोषण और स्तनपान पर जागरूकता फैलाई जाए।
•कम वजन वाले नवजात शिशुओं को समय पर SNCU/MTC में भर्ती कर पोषण और इलाज की व्यवस्था की जाए।
•डायरिया और मलेरिया जैसी मौसमी बीमारियों से बचाव को लेकर जल परीक्षण और स्वास्थ्य जांच नियमित हो।
•सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर और स्टाफ की उपस्थिति रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित की जाए।
•डिजिटल सेवाओं की पहुंच को बढ़ावा दिया जाए।
उपायुक्त ने अंत में निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य केंद्र माइक्रो-प्लान बनाएं ताकि जरूरत के अनुसार संसाधनों में सुधार कर लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।
उद्देश्य है हर नागरिक तक सस्ती, सुलभ और गुणवत्ता से भरी स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना।

