जिंदगी की जंग से हार गई छात्रा, टीचर की प्रताड़ना से तंग आकर लगाई थी खुद को आग…

Azad Reporter desk: ओडिशा के फकीर मोहन स्वयं शासित महाविद्यालय की छात्रा सौम्याश्री बीसी जो टीचर की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्मदाह कर चुकी थी ने सोमवार रात एम्स भुवनेश्वर में दम तोड़ दिया। उसने शनिवार को खुद को आग लगा ली थी और तब से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही थी। सोमवार रात 11:46 बजे उसने अंतिम सांस ली।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु भी सोमवार को एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल होने आई थीं। उन्होंने बर्न यूनिट जाकर सौम्याश्री की स्थिति की जानकारी ली थी। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद छात्रा को बचाया नहीं जा सका।
छात्रा के निधन की खबर के बाद एम्स परिसर में तनाव का माहौल बन गया। बीजू जनता दल से जुड़ी कुछ महिलाएं उस एंबुलेंस को रोकने की कोशिश करती दिखीं जिसमें सौम्याश्री का शव ले जाया जा रहा था। जानकारी के अनुसार सौम्याश्री का अंतिम संस्कार पुरी के स्वर्गद्वार में किया जाएगा।
स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया है। कांग्रेस और बीजू जनता दल से जुड़े कई नेता और कार्यकर्ता भी एम्स परिसर में पहुंच चुके हैं। सरकार विरोधी नारे भी लगाए जा रहे हैं। छात्रा का पोस्टमार्टम आज रात ही किया जाएगा।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि सौम्याश्री की मौत से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हर संभव प्रयास किए लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मामले में दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी और उन्होंने अधिकारियों को निर्देश भी दे दिए हैं।
सरकारी कार्रवाई और जांच की उम्मीद में अब सभी की निगाहें इस मामले पर टिकी हैं।


