Saraikela: खरसावां-आमदा रोड पर दर्दनाक हादसा! अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, अस्पताल में डॉक्टर अनुपस्थित, परिजन घंटों करते रहे इंतजार…

Jharkhand: रविवार शाम खरसावां-आमदा मुख्य सड़क पर बोड्डा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बाइक पर सवार देव महंती (निवासी आमदा) और साहिल महतो (निवासी छोटा आमदा) को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को खरसावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर मौजूद नहीं थे। परिजन करीब आधे घंटे तक इलाज के लिए डॉक्टर का इंतजार करते रहे लेकिन किसी ने इलाज शुरू नहीं किया।
आखिरकार जब कोई मदद नहीं मिली तो परिजन दोनों को एंबुलेंस से जमशेदपुर के TMH अस्पताल लेकर रवाना हुए। दुर्भाग्यवश अस्पताल छोड़ने के करीब 15 मिनट बाद डॉक्टर की गाड़ी अस्पताल पहुंची लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। TMH में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।
घटना के बाद दोनों गांवों में मातम छा गया है। लोगों में अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर की गैरमौजूदगी को लेकर भारी गुस्सा है। ग्रामीणों ने कहा कि ये पहली बार नहीं है जब रात के वक्त अस्पताल में डॉक्टर नदारद मिले हों। उन्होंने प्रशासन से लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


