1000223797

झारखंड हाई कोर्ट ने पुरानी जेल घोटाले में मांगे दस्तावेज, 100 करोड़ की गड़बड़ी का आरोप…

खबर को शेयर करें
1000223797

Jharkhand: झारखंड हाई कोर्ट में पुरानी जेल के जीर्णोद्धार कार्य में हुए कथित घोटाले को लेकर सुनवाई हुई। याचिकाकर्ता आनंद कुमार ने अदालत में दावा किया कि इस काम में 100 करोड़ रुपये से अधिक की गड़बड़ी की गई है। इस मामले में झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति एस. एन. प्रसाद की अदालत ने निचली अदालत को निर्देश दिया है कि वह शिकायत से जुड़े सभी दस्तावेज कोर्ट में पेश करे। इस मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी।

याचिकाकर्ता आनंद कुमार ने पहले इस मुद्दे पर झारखंड के मुख्य सचिव समेत अन्य अधिकारियों को पत्र लिखा था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने निचली अदालत में शिकायत दर्ज कराई और मुख्य सचिव सहित अन्य को प्रतिवादी बनाया।

हालांकि एसीबी (एंटी करप्शन ब्यूरो) की विशेष अदालत ने तथ्यों पर गौर किए बिना याचिका को खारिज कर दिया। इसके विरोध में आनंद कुमार ने हाई कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दाखिल की।

हाई कोर्ट ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए निचली अदालत की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और कहा कि शिकायत से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएं ताकि मामले की गहन जांच की जा सके।

अब 25 जुलाई को इस घोटाले से जुड़ी अगली कानूनी कार्रवाई पर नजरें टिकी होंगी।