दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत, कई घायल…

Azad Reporter desk: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह हादसा बूढ़ादीत थाना क्षेत्र में चंबल नदी के पास हुआ जहां टेंपो ट्रैक्स और एक अज्ञात वाहन की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो ट्रैक्स बुरी तरह चकनाचूर हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए।
मृतक करौली जिले के रहने वाले थे और वे इंदौर से गोद भराई की रस्म में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे के बाद अज्ञात वाहन का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
बूढ़ादीत थाना प्रभारी रघुवीर सिंह हाड़ा ने बताया कि टेंपो ट्रैक्स वाहन पीछे से किसी अन्य वाहन में जाकर टकरा गया। मौके पर सुरेश सोनी गीता सोनी और अनिल की मौत हो गई जबकि बृजेश को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
गाड़ी में बच्चों समेत करीब 15 लोग सवार थे। हादसे में प्रीतिका, सानिया, कनिषा, तनुज, संजू, सीमा, प्रमोद, मनोज और ममता घायल हुए हैं। सभी घायलों को देईखेड़ा से कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया है।
इस हादसे में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ऋतिक के पिता, चाचा, फूफा और दादी की जान चली गई। ऋतिक की हाल ही में इंदौर निवासी एक युवती से सगाई हुई थी। वह सीधे बेंगलुरु लौट चुका था। हादसे के समय वह मौके पर नहीं था।
पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। हादसे की जांच जारी है।

