पूर्वी सिंहभूम में गरीबों को सड़ा राशन बांटने का मामला सामने आया, वीडियो वायरल होने पर मंत्री ने दिए जांच के आदेश…

Jamshedpur news: पूर्वी सिंहभूम जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है जहां बहरागोड़ा प्रखंड के एक राशन डीलर द्वारा लाभुकों को सड़ा हुआ अनाज बांटने का आरोप लगा है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसे देखकर आम जनता में रोष है।
यह वीडियो मलय सेनापति नामक एक व्यक्ति ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग करते हुए साझा किया है। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा कि बहरागोड़ा प्रखंड में अधिकांश डीलर लाभुकों को सड़ा हुआ चावल और अनाज दे रहे हैं जो सीधे तौर पर गरीबों के स्वास्थ्य और अधिकार के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस मामले की तुरंत जांच कराने की मांग की है।
वीडियो के वायरल होने के बाद राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को तत्काल जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि गरीबों के हक और स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल जिला प्रशासन इस प्रकरण की जांच में जुट गया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषी डीलरों पर कठोर कार्रवाई तय मानी जा रही है।

