दिग्गज एक्टर कोटा श्रीनिवास राव का निधन, 83 साल की उम्र में ली अंतिम सांस…

Azad Reporter desk: तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता कोटा श्रीनिवास राव का 83 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। इस दुखद खबर की पुष्टि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने ट्वीट कर की। उन्होंने अभिनेता के परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई और कहा कि यह सिनेमा जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।
कोटा श्रीनिवास राव का नाम दक्षिण भारतीय फिल्मों के दिग्गज कलाकारों में लिया जाता है। उन्होंने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। बीते दिनों उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी जिसमें वे काफी कमजोर दिख रहे थे। उनके पैर में पट्टी और चोट के निशान नजर आ रहे थे जिससे उनकी बिगड़ती सेहत का अंदाजा लगा था।
कोटा श्रीनिवास राव ने 1978 में फिल्म ‘प्राणम खरीदु’ से अपने करियर की शुरुआत की थी। लगभग 40 सालों तक एक्टिंग करते हुए उन्होंने 750 से ज्यादा फिल्मों में काम किया। उन्हें विलेन, सपोर्टिंग रोल और कॉमिक किरदारों के लिए जाना जाता था। अपने बेहतरीन अभिनय के लिए उन्हें 9 बार नंदी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। साल 2015 में उन्हें भारत सरकार ने पद्म श्री से भी नवाजा।
उनकी प्रमुख फिल्मों में ‘दम्मू’, ‘सन ऑफ सत्यमूर्ती’ और ‘डेंजरस खिलाड़ी’ शामिल हैं। उन्होंने तेलुगु के अलावा तमिल, हिंदी, कन्नड़ और मलयालम फिल्मों में भी काम किया।
सिर्फ अभिनय ही नहीं कोटा श्रीनिवास राव राजनीति में भी सक्रिय रहे। वे 1999 से 2004 तक आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा ईस्ट से विधायक रहे थे।

