1000223454

Jharkhand: छात्रों को जल्द मिलेगी छात्रवृत्ति और साइकिल, मंत्री चमरा लिंडा ने दिए सख्त निर्देश…

खबर को शेयर करें
1000223454

Jharkhand: झारखंड के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति और साइकिल योजना में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी पात्र विद्यार्थियों को जल्द से जल्द छात्रवृत्ति का भुगतान किया जाए और साइकिल वितरण में भी कोई देरी न हो।

मंत्री ने शनिवार को विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक की जिसमें उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ हर पात्र विद्यार्थी तक समय पर पहुंचे। उन्होंने सभी जिलों में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित भुगतान को शीघ्र पूरा करने को कहा। जिन जिलों में राशि उपलब्ध है वहां मामलों का तुरंत निपटारा किया जाए।

इसके साथ ही उन्होंने पिछड़ा वर्ग के छात्रों की पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के लंबित मामलों को लेकर केंद्र सरकार से पत्राचार करने का निर्देश दिया ताकि सहायता समय पर मिल सके।

मंत्री लिंडा ने सभी जिला कल्याण पदाधिकारियों को चेताया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा में धरातल पर लागू किया जाना चाहिए।

बैठक में विभाग के सचिव कृपानंद झा, कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी सभी जिलों के आईटीडीए परियोजना निदेशक एवं जिला कल्याण पदाधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी साझा की।