1000223252

दिल्ली में दर्दनाक हादसा: शराब के नशे में धुत ऑडी चालक ने फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को रौंदा…

खबर को शेयर करें
1000223252

Azad Reporter desk: दिल्ली के वसंत विहार इलाके में 9 जुलाई की रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया जब एक शराब के नशे में धुत चालक ने अपनी तेज़ रफ्तार ऑडी कार फुटपाथ पर चढ़ा दी और वहां सो रहे पांच लोगों को कुचल दिया। यह घटना देर रात करीब 1:45 बजे हुई।

आरोपी चालक की पहचान उत्सव शेखर (40) निवासी द्वारका के रूप में हुई है। वह नोएडा से अपने घर लौट रहा था तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि वह शराब के नशे में था।

घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ितों की पहचान लधी (40), उनकी 8 साल की बेटी बिमला, पति सबामी उर्फ चिरमा (45), राम चंदर (45) और उनकी पत्नी नारायणी (35) के रूप में हुई है। ये सभी मूल रूप से राजस्थान के निवासी हैं और शिवा कैंप के पास फुटपाथ पर सो रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार सफेद ऑडी ने पहले फुटपाथ पर सो रहे इन लोगों को कुचला और फिर कुछ दूरी पर जाकर एक ट्रक से जा टकराई।

यह कोई पहली घटना नहीं है इससे पहले मई महीने में भी दिल्ली के पश्चिमी इलाके में एक 19 वर्षीय युवक की तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारी फिर एक झुग्गी में घुस गई जिससे दो लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हुए।

इसी तरह अप्रैल में पहाड़गंज इलाके में 15 वर्षीय लड़के द्वारा चलाई जा रही कार की चपेट में आने से दो साल की एक बच्ची की जान चली गई थी।

ऐसी घटनाएं एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती हैं कि क्या दिल्ली की सड़कों पर लोग अब सुरक्षित हैं? आखिर कब ड्राइविंग लाइसेंस नियमों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कानूनों को और सख्त किया जाएगा ?