1000223250

Garhwa: करोड़ों में बना अस्पताल बना चोरों का निशाना, लाखों के उपकरण गायब, सुरक्षा पर उठे सवाल…

खबर को शेयर करें
1000223250

Jharkhand: गढ़वा सदर अस्पताल परिसर में करोड़ों की लागत से बना प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल भवन एक बार फिर चोरों के निशाने पर आ गया है। इस बार चोर लाखों रुपये के उपकरण और जरूरी सामग्री चुरा ले गए हैं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले में गढ़वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

यह भवन कोविड संक्रमण के दौरान 50 बेड वाले आइसोलेशन अस्पताल के रूप में तैयार किया गया था लेकिन निर्माण पूरा होने के बाद भी इसमें कभी इलाज शुरू नहीं हो पाया। भवन सुनसान पड़ा था जिसका फायदा चोरों ने उठा लिया।

अस्पताल भवन से ऑक्सीजन की पाइपिंग, बिजली की वायरिंग, पंखे और अन्य जरूरी उपकरण चोरी कर लिए गए। यह चोरी एकदम योजनाबद्ध तरीके से की गई लगती है।

चोरी का खुलासा तब हुआ जब अस्पताल कर्मचारी हाल ही में भवन की सफाई और निरीक्षण के लिए पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो कई उपकरण गायब मिले जिससे अंदेशा है कि यह चोरी धीरे-धीरे कई दिनों में की गई।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी इस परिसर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया जिससे चोरों के हौसले बुलंद रहे।

फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है और आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। लेकिन यह घटना न सिर्फ सरकारी संपत्ति की बर्बादी को दिखाती है बल्कि प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता की भी पोल खोलती है।