एक मामला थमता नहीं कि कोलकाता में सामने आ जाता है दूसरा!! IIM-कोलकाता के बॉयज हॉस्टल में छात्रा से रेप का आरोप, पिज्जा-कोल्डड्रिंक से बेहोश कर किया गया शोषण…

Azad Reporter desk: देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल कोलकाता के जोका स्थित (IIM-कलकत्ता) के बॉयज हॉस्टल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने हरिदेवपुर थाने में FIR दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि IIM के एक छात्र ने उसे सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद “काउंसलिंग सेशन” के लिए बुलाया फिर उसे पिज्जा और कोल्डड्रिंक देकर बेहोश किया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
यह घटना ऐसे वक्त में सामने आई है जब 15 दिन पहले कोलकाता के एक लॉ कॉलेज में गैंगरेप का मामला दर्ज हुआ था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने कोलकाता की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोपी छात्र परमानंद टोप्पनवा, कर्नाटक का रहने वाला और IIM का सेकंड ईयर स्टूडेंट है। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर 19 जुलाई तक की रिमांड पर भेजा है। कोर्ट में सुनवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।
पीड़िता के आरोप हैं कि—
- शिकायतकर्ता एक क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट है जो सोशल मीडिया के ज़रिए आरोपी से जुड़ी।
- आरोप है कि आरोपी ने उसे जोका कैंपस स्थित बॉयज हॉस्टल में काउंसलिंग के बहाने बुलाया।
- वहां उसे कुछ खिलाकर बेहोश किया गया फिर उसके साथ मारपीट और यौन शोषण किया गया।
सरकारी वकील ने आशंका जताई कि घटना का मोबाइल से वीडियो भी बनाया गया हो सकता है।आरोपी ने सुरक्षा गार्ड्स को प्रभावित कर युवती को हॉस्टल के अंदर लाया ऐसा दावा किया गया। सुरक्षा और अनुमति जैसे नियमों को लेकर भी IIM की भूमिका पर सवाल उठे हैं।
आरोपी के वकील का कहना है कि FIR में समय का ज़िक्र 11:45 AM से 8:35 PM तक का है जबकि लड़की उसी वक्त पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करा रही थी।वकील ने यह भी सवाल उठाया कि बॉयज़ हॉस्टल में कड़ी सुरक्षा होती है वहां कोई बाहरी लड़की बिना परमिशन कैसे दाखिल हो गई?
और इस घटने में मोड़ तो तब आया जब शनिवार दोपहर को पीड़िता के पिता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी बेटी के साथ बलात्कार नहीं हुआ है। उनका यह बयान पूरे मामले को एक नया मोड़ देता है।
लेकिन सवाल यही है अगर वाकई कुछ नहीं हुआ तो FIR क्यों? और अगर हुआ तो पिता किस दबाव में हैं? क्या कानूनी दबाव सामाजिक डर या किसी अन्य कारण से परिवार पीछे हट रहा है?
इस पूरे घटनाक्रम में सच क्या है यह तो अब पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा।


