1000223245

Jamshedpur: आपसी रंजिश में युवक को मारी गई गोली, हालत गंभीर, किया गया कोलकाता रेफर…

खबर को शेयर करें
1000223245

Jamshedpur news: शहर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कीताडीह ग्वाला पट्टी में शुक्रवार देर रात हुई गोलीबारी की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक आशीष कुमार भगत उर्फ जेठा को पहले टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया लेकिन हालत बिगड़ने पर शनिवार देर शाम उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार आशीष की छाती में गोली लगी जो अभी भी शरीर में फंसी हुई है। घटना अरुण दुकान के पास उस समय हुई जब आशीष किसी काम से वहां गया था। इसी दौरान कुछ स्थानीय युवकों से उसका विवाद हुआ जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गया। इसी बीच एक युवक ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी जिससे आशीष वहीं गिर पड़ा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया। आशीष के पिता आनंद कुमार भगत ने बताया कि बेटे का पहले भी बाबू सिंह और उसके साथियों से विवाद हो चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हमला सुनियोजित था और जान लेने की मंशा से किया गया।

बागबेड़ा थाना पुलिस ने मामले में बाबू सिंह उर्फ टेपर, राहुल यादव उर्फ छोटू, शुभम कुमार उर्फ कतलू, रंजन कुमार और सूरज दास के खिलाफ हत्या के प्रयास की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सभी आरोपी कीताडीह ग्वाला पट्टी के रहने वाले हैं।

थाना प्रभारी के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। फिलहाल आशीष की स्थिति गंभीर बनी हुई है ।