MGM अस्पताल में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स की एंट्री पर रोक, डॉक्टरों को बाहर की दवा लिखने से मना नहीं तो होगी कार्रवाई…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के MGM अस्पताल में अब अब मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स (MR) की एंट्री पूरी तरह से बंद कर दी गई है। साथ ही डॉक्टरों को निर्देश दिया गया है कि वे केवल अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही मरीजों को लिखें। यह सख्त फैसला हाल ही में नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) की जांच के बाद लिया गया है।
जांच में पाया गया था कि कई MR अस्पताल परिसर में बेरोकटोक घूमते नजर आए जिससे बाहर की कंपनियों की महंगी दवाएं मरीजों को लिखे जाने की आशंका बनी रहती है। इस पर नाराजगी जताते हुए NMC ने अस्पताल प्रशासन को तुरंत सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसके बाद MGM अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आरके मंधान ने MR की एंट्री पर रोक लगाने और डॉक्टरों को अस्पताल की ही दवाएं लिखने का आदेश जारी कर दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को बिना जरूरत महंगी दवा लिखना उन पर आर्थिक बोझ डालता है और अस्पताल की छवि को भी नुकसान पहुंचाता है।
सभी Heads of Departments को निर्देश दिया गया है कि वे सुनिश्चित करें कि डॉक्टर सिर्फ अस्पताल में उपलब्ध दवाएं ही लिखें। इसके लिए उन्हें दवाओं की सूची भी सौंप दी गई है ताकि कोई भ्रम न हो।
डॉ. मंधान ने कहा कि अगर कोई एमआर अस्पताल में घूमते या डॉक्टरों से संपर्क करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह फैसला मरीजों के हित और अस्पताल की साख बनाए रखने के लिए जरूरी है।


