सरायकेला: राजनगर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो ग्रामीणों की मौत, गांव में पसरा मातम…

Jharkhand: सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत नीमडीह गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान 52 वर्षीय शक्तिसेन महतो और 55 वर्षीय संतोष महतो के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शक्तिसेन महतो खेत से घर लौट रहे थे तभी उन पर आकाशीय बिजली गिर गई। उन्हें तुरंत इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं संतोष महतो गांव के एक टॉवर के पास खड़े थे जब बिजली गिरने से वह भी उसकी चपेट में आ गए। परिजन उन्हें राजनगर सीएससी लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
शक्तिसेन महतो के परिवार में एक बेटा और एक बेटी है जबकि संतोष महतो की पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। अचानक हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। गांव में मातम का माहौल है और लोग गहरे दुख में डूबे हैं।


