जमशेदपुर उपायुक्त ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक, 18 हजार बच्चों के बैंक खाते नहीं खुलने पर जताई नाराजगी…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों की शैक्षणिक प्रगति, योजनाओं के क्रियान्वयन, बच्चों को दी जा रही सुविधाओं और शिक्षकों की उपस्थिति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में शिक्षकों व छात्रों की उपस्थिति प्रतिदिन ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर अपलोड की जाए। इस कार्य में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
किताब और नोटबुक के वितरण में धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए सभी बीईईओ को निर्देश दिया कि समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत छात्रों तक यह सामग्री पहुंचे। बैग वितरण को लेकर भी कहा गया कि यदि क्षेत्र भ्रमण के दौरान किसी भी छात्र को बैग न मिलने की शिकायत मिली तो संबंधित पदाधिकारी जिम्मेदार माने जाएंगे।
बैठक में यह मुद्दा भी सामने आया कि अब तक करीब 18 हजार बच्चों के बैंक खाते नहीं खोले जा सके हैं। इस पर उपायुक्त ने गहरी असंतोष जताते हुए सभी BEEO और LDM को समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर खाता खोलने का निर्देश दिया।
उन्होंने सभी स्कूलों को गुरुजी मोबाइल ऐप पर विषयवार पाठ्यक्रम (स्पिल्ट सिलेबस) अपलोड करने का आदेश दिया ताकि बच्चों को पढ़ाई में सहायता मिले। साथ ही रेल परियोजना से जुड़ी सभी गतिविधियों का डेटा ई-विद्या वाहिनी पोर्टल पर अपडेट करने को कहा क्योंकि इसकी मॉनिटरिंग राज्य स्तर पर की जा रही है।
आयरन फॉलिक एसिड टैबलेट (IFA) वितरण और मध्याह्न भोजन योजना (MDM) की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि सभी योग्य छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से IFA टैबलेट मिलें और भोजन पोषक तत्वों से भरपूर एवं साफ-सुथरे वातावरण में तैयार हो। गुणवत्ता में गड़बड़ी पाए जाने पर जिम्मेदार पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
विद्यालयों में आधारभूत ढांचे से संबंधित लंबित कार्यों की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बैलेंस वर्क के लिए जल्द से जल्द एस्टिमेट तैयार कर प्रस्ताव भेजा जाए ताकि समय पर निर्माण कार्य पूरा हो सके।
इसके अतिरिक्त, बैठक में ड्रॉपआउट दर कक्षा 1 से 10 तक के ट्रांजिशन रेट, लर्निंग आउटकम, टीचिंग-लर्निंग सामग्री की उपलब्धता और स्कूल मैनेजमेंट कमिटी (SMC) की सक्रियता जैसे बिंदुओं पर भी चर्चा हुई।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष पांडेय, एलडीएम संजीव चौधरी सहित जिले के सभी बीईईओ, बीपीओ, बीआरपी और अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे।

