झारखंड में जल्द होगी 103 डीएसपी की पोस्टिंग, मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद जारी होगी अधिसूचना…

Jharkhand: झारखंड में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार जल्द ही 103 डीएसपी अधिकारियों की पोस्टिंग करने जा रही है। इनमें 64 ऐसे अधिकारी शामिल हैं जिन्हें हाल ही में पुलिस निरीक्षक (इंस्पेक्टर) से पदोन्नत कर डीएसपी बनाया गया है जबकि 39 अधिकारी नव नियुक्त हैं जिन्होंने अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में पूरी तैयारी कर ली है। अब केवल मुख्यमंत्री की स्वीकृति का इंतजार है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी, दो दिनों के भीतर अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
इंस्पेक्टर से डीएसपी के पद पर पदोन्नत हुए 64 अधिकारियों को उनके जिलों और कार्यस्थलों पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ‘पाइपिंग सेरेमनी’ के माध्यम से सम्मानित किया जा रहा है। यह प्रक्रिया लगभग सभी जिलों में पूरी कर ली गई है।
जल्द ही इन सभी अधिकारियों को उनके नए पदस्थापन स्थल की जानकारी दे दी जाएगी जिसके बाद वे अपनी नई जिम्मेदारियां संभालेंगे।
राज्य सरकार का यह कदम पुलिस व्यवस्था को नई ऊर्जा देने वाला माना जा रहा है। खासकर प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों के लिए यह एक बड़ा अवसर है जबकि नए चयनित अधिकारियों के लिए यह करियर की शुरुआत है।


