Jamshedpur Bagbeda firing incident: पुरानी रंजिश में आशीष भगत को मारी गई गोली, आरोपियों की हुई पहचान…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के हरहरगुड़ू इलाके में शुक्रवार देर रात हुए फायरिंग मामले में घायल आशीष कुमार भगत पर जानलेवा हमला करने वाले युवकों की पहचान हो गई है। जानकारी के अनुसार, इस घटना में रंजन सिंह, बाबू सिंह उर्फ टेपर, राहुल यादव उर्फ छोटू, शुभम प्रसाद और सूरज दास सहित अन्य युवक शामिल थे जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दो दिन पहले भी इन युवकों ने आशीष को गोली मारने की धमकी दी थी। गोलीकांड की वजह दो दिन पहले साईं मंदिर में निकाले गए जुलूस के दौरान नाचने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। इसी विवाद ने धीरे-धीरे रंजिश का रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि आशीष और आरोपियों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और झगड़ा हो चुका था। शुक्रवार रात इसी पुरानी दुश्मनी के चलते आशीष पर गोली चला दी गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल आशीष का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जल्द ही इस मामले में और भी खुलासे होने की उम्मीद है।

