1000220498

जमशेदपुर में दो किशोरों की आत्महत्या: टेल्को में 10वीं के छात्र ने की खुदकुशी, बागबेड़ा में मोबाइल गेम की लत ने ली जान…

खबर को शेयर करें
1000220498

Jamshedpur news: जमशेदपुर में गुरुवार को आत्महत्या की दो दुखद घटनाएं सामने आईं। टेल्को और बागबेड़ा थाना क्षेत्र में दो किशोरों ने अलग-अलग कारणों से अपनी जान दे दी। दोनों परिवार सदमे में हैं।

पहली घटना टेल्को के बजरंगी बागान की है। यहां 16 साल के ऋतुराज सिंह ने फांसी लगाकर जान दे दी। ऋतुराज 10वीं क्लास का छात्र था। घटना के समय उसके माता-पिता स्टेशन गए हुए थे। लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो पिता ने छत से झांककर देखा। ऋतुराज पंखे से लटका हुआ था।

दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया और TMH अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है और न ही कोई सुसाइड नोट मिला है।

दूसरी घटना बागबेड़ा के हरहरगुट्टू इलाके की है। यहां 19 साल के आनंद भारद्वाज ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक आनंद को मोबाइल गेम खेलने की आदत थी। जब वह नहीं मान रहा था तो परिजनों ने उसका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद वह चुपचाप रहने लगा।

बुधवार रात वह अपने कमरे में गया और दरवाजा बंद कर लिया। सुबह तक जब वह बाहर नहीं आया तो दरवाजा तोड़कर देखा गया। वह भी पंखे से लटका मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आनंद ने हाल ही में ITI पास किया था। उसके पिता बीमार हैं और बड़ा भाई चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रहा है।