इंस्पेक्टर से बने डीएसपी, रांची के छह पुलिस अधिकारियों को आईजी ने लगाया बैच…

Jharkhand: झारखंड पुलिस में इंस्पेक्टर रैंक से प्रमोशन पाकर उप पुलिस अधीक्षक (DSP) बने रांची जिले के छह पुलिस अधिकारियों को आज औपचारिक रूप से बैच पहनाया गया। रांची रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) मनोज कौशिक ने इन नवप्रोन्नत अधिकारियों को DSP रैंक का बैच पहनाकर सम्मानित किया।
यह सम्मान समारोह रांची पुलिस कप्तान व डीआईजी चंदन कुमार सिन्हा के कार्यालय में आयोजित किया गया जहां पीपिंग सेरेमनी के तहत अधिकारियों को कंधे पर DSP रैंक का बैच लगाया गया और उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।
जिन छह अधिकारियों को आज बैच पहनाया गया, उनके नाम हैं लोअर बाजार थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दयानंद, बरियातु थानेदार मनोज कुमार, अरगोड़ा थाना प्रभारी आलोक सिंह, इंस्पेक्टर विजय सिंह, महेश्वर प्रसाद रंजन और तलेश्वर प्रसाद कुशवाहा।
उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार के कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा 25 जून को कुल 64 पुलिस अधिकारियों को DSP पद पर पदोन्नति दी गई थी। इनमें से 23 अधिकारियों को 7 जुलाई को राज्य के डीजीपी ने बैच पहनाया था। उसी क्रम में आज रांची के इन छह अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर IG मनोज कौशिक, DIG सह SSP चंदन कुमार सिन्हा, सिटी एसपी अजीत कुमार, रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

