लगातार बारिश से सरायकेला में तबाह हुई किसानों की फसलें, सब्जियों की कीमतें पहुंचीं आसमान पर, लोग परेशान…

Jharkhand: झारखंड के सरायकेला जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में दो फीट से ज्यादा पानी भर चुका है जिससे हरी सब्जियां पूरी तरह बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है और ग्रामीणों के सामने अब भोजन और आमदनी दोनों का संकट खड़ा हो गया है।
बारिश के कारण न सिर्फ फसलें चौपट हुई हैं बल्कि कई गांवों में जलजमाव से डायरिया और अन्य बीमारियां फैलने लगी हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोग इलाज के लिए पैसे और डॉक्टर दोनों के अभाव में भगवान भरोसे जीने को मजबूर हैं।
वहीं जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह का कहना है कि समय पर बारिश से किसानों को फायदा मिल रहा है और फसल अच्छी होगी लेकिन गांवों की तस्वीर इससे उलट है। किसान और ग्रामीण जमीन पर हो रही तबाही को लेकर बेहद नाराज़ हैं।
फसलों के नष्ट होने और आपूर्ति में कमी आने के कारण बाजारों में सब्जियों की कीमतें बेकाबू हो गई हैं।
महंगाई से आम लोगों की रसोई पर भी असर पड़ा है और लोग मजबूरी में महंगी सब्जियां खरीदने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों और किसानों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि हालात को देखते हुए जल्द से जल्द राहत और बचाव का काम शुरू किया जाए। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो हालात और भी ज्यादा खराब हो सकते हैं।

