टाटानगर रेलवे स्टेशन पर रेल अधिकारियों के निर्देश पर हो रही पार्किंग शुल्क की वसूली, नया ठेका चार गुना महंगा…

Azad Reporter desk: टाटानगर रेलवे स्टेशन के बाहर स्थित पार्किंग स्टैंड में अब पार्किंग शुल्क की वसूली रेलवे अधिकारियों के निर्देशानुसार की जा रही है। इसके लिए रेलवे से बाकायदा अनुमति ली गई है और पार्किंग स्टैंड पर रेट चार्ट भी लगा दिया गया है, जिससे वाहन चालकों को शुल्क की पूरी जानकारी मिल सके।
रेल प्रशासन की ओर से दिए गए निर्देशों के तहत पार्किंग शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। बताया गया कि वर्तमान में जो पार्किंग का ठेका हुआ है वह पहले के मुकाबले चार गुना ज्यादा राशि में हुआ है। इसी के आधार पर शुल्क में भी इजाफा किया गया है।
वाहन चालकों चाहे वह टेंपो चालक हों बाइक या कार चालक की ओर से इस बढ़े हुए शुल्क को लेकर किसी प्रकार की आपत्ति नहीं जताई गई है।
पार्किंग स्टैंड संचालकों का कहना है कि हाल के दिनों में पार्किंग को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शन और आरोप-प्रत्यारोप केवल राजनीति से प्रेरित हैं। उनका कहना है कि वसूली पूरी तरह नियम के तहत की जा रही है और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली नहीं हो रही।
इस बार पार्किंग ठेकेदार ने नई व्यवस्था के तहत पार्किंग कर्मचारियों को विशेष पोषाक और पहचान पत्र भी देना शुरू किया है। कर्मचारी अब नीले रंग की टी-शर्ट पहनकर ड्यूटी पर नजर आएंगे जिससे उनकी पहचान आसानी से हो सके।
पूर्व ठेकेदार द्वारा बनाया गया ऑफिस हटा दिया गया है और अब नए पार्किंग स्टैंड पर नया ऑफिस तैयार किया जा रहा है। अगले 15 दिनों में यह पूरी तरह व्यवस्थित हो जाएगा। स्थायी रेट चार्ट भी बोर्ड पर लगाया गया है ताकि वाहन चालकों को स्पष्ट जानकारी मिलती रहे।

