1000220065

देवघर एम्स में बड़ा हादसा : पांचवीं मंजिल से गिरा MBBS छात्र, हालत गंभीर, पुलिस जांच में जुटी…

खबर को शेयर करें
1000220065

Jharkhand: झारखंड के देवघर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में गुरुवार देर रात एक गंभीर हादसा हो गया। एमबीबीएस सत्र 2023 में पढ़ाई कर रहा 24 वर्षीय छात्र ध्रुव कुमार अचानक हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ध्रुव कुमार मध्य प्रदेश के अशोक नगर जिले का निवासी है।

घटना के तुरंत बाद उसे एम्स के इमरजेंसी ब्लॉक में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है। एम्स प्रशासन के मुताबिक, छात्र होश में है और उसकी स्थिति अभी स्थिर बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही देवीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी संदीप कृष्ण के नेतृत्व में टीम ने हॉस्टल और इमरजेंसी ब्लॉक के आसपास कैंप लगाकर जांच शुरू कर दी है। हॉस्टल कर्मियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गुरुवार को क्लास के दौरान ध्रुव कुमार ने तबीयत खराब होने की बात कहकर हॉस्टल लौटने की सूचना दी थी। रात करीब 8 बजे वह हॉस्टल की पांचवीं मंजिल से गिरा हुआ पाया गया। छात्र का कमरा उसी मंजिल पर है जिससे वह गिरा। फिलहाल गिरने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

घटना के बाद एम्स के निदेशक डॉ. सौरव वार्ष्णेय खुद इमरजेंसी ब्लॉक पहुंचे और छात्र की हालत की जानकारी ली। इस हादसे के बाद मेडिकल छात्रों में दहशत का माहौल है।

हॉस्टल की ऊंची इमारतों में छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। छात्रों और परिजनों की ओर से एम्स प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की जा रही है। एम्स प्रबंधन ने कहा है कि मामले की पूरी जांच होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट की जा सकेगी।