बिष्टुपुर में महिला से पर्स छीनकर भाग रहा था युवक, लोगों ने पकड़कर की पिटाई, फिर सौंपा पुलिस को…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक महिला से छिनतई की घटना सामने आई। कांट्रेक्टर एरिया में बागबेड़ा रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी निवासी महिला बसंती देवी से एक युवक ने पर्स छीन लिया और भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत बदमाश का पीछा कर उसे पकड़ लिया।
लोगों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की फिर उसे बिष्टुपुर थाना की पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम सूरज कुमार बताया और कहा कि वह धतकीडीह का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
महिला ने बताया कि वह किसी काम से कांट्रेक्टर एरिया आई थी और पैदल ही लौट रही थी तभी पीछे से एक युवक आया और झपट्टा मारकर उसका पर्स छीन लिया।
गौरतलब है कि जमशेदपुर शहर में छिनतई की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। दो दिन पहले ही गोलमुरी में एक महिला तारा दुबे से 15 हजार रुपये और मोबाइल की छिनतई कर ली गई थी। पुलिस अब इन मामलों की जांच कर रही है।

