पटमदा-बोड़ाम में बारिश से 129 कच्चे मकान गिरे…

Jharkhand: झारखंड के पटमदा और बोड़ाम प्रखंड में भारी बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार हो रही मानसूनी बारिश के चलते इन क्षेत्रों में कई कच्चे और कमजोर मकान धराशायी हो गए हैं। दोनो प्रखंडों से अब तक कुल 129 मकान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है।
पटमदा प्रखंड में 27 पीड़ित परिवारों ने अंचल कार्यालय में मुआवजे के लिए आवेदन दिया है। अंचलाधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार दास ने बताया कि इनमें से 3 मकान पूरी तरह से टूट गए हैं जबकि 16 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। बाकी 8 मामलों की जांच की जा रही है। सभी मामलों की रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेजी गई है ताकि पीड़ितों को आपदा राहत के तहत सहायता मिल सके।
वहीं बोड़ाम प्रखंड में भी भारी नुकसान हुआ है। यहां अंचल कार्यालय को अब तक 102 आवेदन मिले हैं जिनमें ग्रामीणों ने अपने मकानों के आंशिक या पूरी तरह टूटने की जानकारी दी है। अंचलाधिकारी रंजीत रंजन ने बताया कि सभी मामलों को जिला मुख्यालय भेजा गया है और जल्द ही राहत पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बारिश से हुए इस नुकसान ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब सभी प्रभावित परिवार सरकार से शीघ्र मदद की उम्मीद कर रहे हैं।


