जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ा, प्रशासन अलर्ट पर, गोताखोर तैनात, जनता से सतर्क रहने की अपील…

Jamshedpur news: जमशेदपुर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है जबकि स्वर्णरेखा नदी भी खतरे के करीब पहुंच चुकी है। हालात गंभीर होते देख जिला और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
शहर के बागबेड़ा, जुगसलाई, शास्त्रीनगर, मानगो, भुइयांडीह, बागुनहातु जैसे इलाकों में पानी घुसने की आशंका जताई जा रही है। इन इलाकों में पहले भी बाढ़ की घटनाएं हो चुकी हैं। इस बार ज्यादा बारिश होने के कारण खतरा और बढ़ गया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर में NDRF की एक यूनिट तैनात कर दी गई है। साथ ही SSP पीयूष पांडेय ने सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य के लिए शहर के संवेदनशील इलाकों में गोताखोरों को तैनात किया गया है।
साकची स्थित SSP कार्यालय में एक बैठक में पुलिसकर्मियों को बारिश में ड्यूटी करने के लिए रेनकोट बांटे गए। यह सुनिश्चित किया गया कि बारिश में भी पुलिस की तैनाती और सेवा में कोई रुकावट न आए।
बारिश के समय जाम की समस्या को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को भी खास निर्देश दिए गए हैं। मानगो चौक जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त निगरानी रखने को कहा गया है ताकि यातायात सुचारु बना रहे।
प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले नागरिकों को अलर्ट कर दिया है और अपील की है कि लोग नदी के पास न जाएं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने को कहा गया है।

