चाईबासा में भीषण सड़क हादसा! तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से गर्भवती महिला की मौत, तीन लोग घायल…

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर-मनहरपुर मार्ग पर गोईलकेरा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वाहन (नंबर OD14AG5746) ने सड़क पर चल रहे लोगों को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में 38 वर्षीय गर्भवती महिला सलोमी चेरोवा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतका के पति मरकस चेरोवा ने बताया कि वे अपनी पत्नी, बहन और बच्चों के साथ पोसैतो रेलवे स्टेशन जा रहे थे तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन सड़क किनारे खेत में पलट गया।
हादसे के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गुस्से में चालक और खलासी को पकड़ कर बंधक बना लिया और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

