‘Captain Cool’ नाम पर फिर विवाद में फंसे MS Dhoni…

Azad Reporter desk : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर ‘Captain Cool’ नाम को लेकर कानूनी विवाद में फंस गए हैं। दरअसल धोनी ने ‘Captain Cool’ शब्द को ट्रेडमार्क कराने के लिए आवेदन दिया था जिसे ट्रेडमार्क रजिस्ट्री कार्यालय ने स्वीकार कर 16 जून 2025 को अपने जर्नल में प्रकाशित भी कर दिया था।
लेकिन अब दिल्ली के एक वकील ने इस पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि ‘Captain Cool’ कोई अनोखा नाम नहीं बल्कि एक सामान्य प्रशंसात्मक शब्द है जो केवल धोनी तक सीमित नहीं है।
धोनी इस उपाधि को लेकर ट्रेडमार्क इसलिए पाना चाहते हैं ताकि आने वाले समय में वह इसे अपने स्पोर्ट्स कोचिंग सेंटर, ट्रेनिंग प्रोग्राम और अन्य व्यवसायिक वेंचर्स में इस्तेमाल कर सकें। उनका उद्देश्य यह है कि कोई अन्य व्यक्ति या संस्था इस नाम का व्यावसायिक इस्तेमाल न कर सके।
Bar and Bench की रिपोर्ट के अनुसार आपत्ति दर्ज करने वाले वकील ने कहा कि ‘Captain Cool’ कई खिलाड़ियों के लिए इस्तेमाल किया गया है और यह किसी एक खिलाड़ी की निजी पहचान नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि धोनी को यह ट्रेडमार्क मिल गया तो आगे चलकर ‘The Wall’ (राहुल द्रविड़) या ‘God of Cricket’ (सचिन तेंदुलकर) जैसे नामों पर भी व्यक्तिगत दावे किए जा सकते हैं।
वकील ने अपने तर्क को मजबूत करने के लिए श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुना रणतुंगा का भी उदाहरण दिया और कहा कि उन्हें भी उनके शांत स्वभाव के कारण ‘Captain Cool’ कहा जाता था। ऐसे में यह शब्द किसी एक व्यक्ति का नहीं हो सकता।
यह पहला मौका नहीं है जब धोनी को इस नाम पर कानूनी अड़चन का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भी इसी नाम को लेकर एक केस हुआ था जिसे धोनी ने जीत लिया था और उस समय ‘Captain Cool’ का ट्रेडमार्क उनके नाम दर्ज भी हुआ था।
हालांकि इस नई आपत्ति के चलते ms dhoni को एक बार फिर कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है।

