1000218806

बोकारो में घरेलू बोरिंग के दौरान जमीन से निकली आग, मिथेन गैस के रिसाव से मचा हड़कंप, ONGC कर रही जांच…

खबर को शेयर करें
1000218806

Jharkhand: झारखंड के बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की लटकुटा बस्ती में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक घर में घरेलू बोरिंग के दौरान जमीन से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया गया।

इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को खाली करा दिया है। साथ ही पुलिस ने मौके की घेराबंदी कर दी है ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो सके। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह जमीन के अंदर से मिथेन गैस का अनियंत्रित रिसाव बताया जा रहा है जो चिंगारी के संपर्क में आने से भड़क उठी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) की वैज्ञानिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम यह जांच कर रही है कि मिथेन गैस किस गहराई से और कितनी मात्रा में निकल रही है। इसके लिए सैंपल भी लिए गए हैं।

फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। ONGC की जांच पूरी होने तक इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।