भूकंप के तेज झटकों से कांपी दिल्ली-NCR और यूपी, हरियाणा के झज्जर में था केंद्र, लोग घबराकर घरों और दफ्तरों से निकले बाहर…

Azad Reporter desk: गुरुवार सुबह दिल्ली-NCR, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भूकंप के तेज झटकों से लोग दहशत में आ गए। करीब सुबह 9:04 बजे यह झटके महसूस किए गए जो लगभग 10 सेकंड तक जारी रहे। अचानक ज़मीन हिलती देख लोग घरों, दफ्तरों और इमारतों से बाहर की ओर भागने लगे।
भूकंप के झटके दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, भिवानी, झज्जर, बहादुरगढ़ और आसपास के कई शहरों में महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र हरियाणा के झज्जर जिले में था, जहां दो बार कंपन हुआ। पहली बार सुबह 9:07 बजे और दूसरी बार 9:10 बजे हल्का झटका आया।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.4 और दूसरी बार 4.1 मापी गई। इसका केंद्र झज्जर से लगभग 10 किलोमीटर उत्तर में स्थित था।
भूकंप के बाद किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है लेकिन लोगों में भय और चिंता का माहौल बन गया है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार इस तीव्रता के भूकंप में नुकसान की आशंका कम होती है लेकिन सतर्कता जरूरी है। लोग सोशल मीडिया पर भी अपने-अपने इलाकों में झटके महसूस होने की जानकारी साझा करते नजर आए।

